नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़ा एक बड़ा फैसला सामने आया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभिनेता शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। यह कदम बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बीच उठाए गए विरोध और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बाद लिया गया है। कुछ रिपोर्टस के मुताबिक, बीते 14 दिनों में वहां तीन हिंदुओं की हत्या की खबरें सामने आई हैं। इसी पृष्ठभूमि में खिलाड़ी को लेकर IPL में खेलने पर सवाल उठाए जा रहे थे।
Highlights:
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि हाल के दिनों में सामने आए घटनाक्रम को देखते हुए बोर्ड ने KKR को अपने खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि फ्रेंचाइजी किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करती है, तो BCCI उसकी अनुमति देगा।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आईं सामने
इस मुद्दे पर कई राजनीतिक नेताओं और धार्मिक हस्तियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने KKR के मालिक शाहरुख खान से अपील की कि मौजूदा हालात को देखते हुए बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम से बाहर किया जाए। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर IPL खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
देवकीनंदन ठाकुर का बयान
कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ गंभीर अत्याचार की खबरें सामने आ रही हैं और ऐसे समय में वहां के खिलाड़ी को टीम में शामिल करना गलत संदेश देता है। उन्होंने KKR प्रबंधन से खिलाड़ी को हटाने की मांग की और मुआवजे को पीड़ित परिवारों तक पहुंचाने की बात कही।
भाजपा नेता संगीत सोम का आरोप
भाजपा नेता संगीत सोम ने भी कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है और ऐसे में वहां के खिलाड़ियों को खरीदना देश की भावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि जब पाकिस्तानी खिलाड़ी भारत में नहीं खेल सकते, तो बांग्लादेशी खिलाड़ी को भी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
KKR ने 9.2 करोड़ में खरीदा था रहमान
मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने पिछले महीने अबू धाबी में हुए IPL मिनी ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके साथ ही वे IPL इतिहास में बांग्लादेश के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। हालांकि, अब BCCI के निर्देश के बाद उन्हें टीम से रिलीज किया जाएगा।
IPL 2026 का शेड्यूल
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जबकि लीग का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। इससे पहले टीमों को अपने स्क्वॉड को अंतिम रूप देना है। कुल मिलाकर, BCCI के इस फैसले ने IPL से जुड़े एक बड़े विवाद पर विराम लगाने का संकेत दिया है। अब सबकी नजर KKR के अगले कदम और रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को लेकर होने वाले फैसले पर टिकी


