हापुड़: गणतंत्र दिवस से पहले उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराए के मकान से करीब 250 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान के तहत की गई। सूचना मिली थी कि कुचेसर चौपला क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक मकान में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को मकान से ड्राई कॉटन पाउडर, जो विस्फोटक के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है, भारी मात्रा में मिला।
इसके अलावा शादी-ब्याह में इस्तेमाल होने वाली कैंडल और पटाखा बनाने से जुड़ी सामग्री भी बरामद की गई है। मौके से नदीम नाम के युवक को हिरासत में लिया गया है, जो गाजियाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह मकान करीब 20 दिन पहले किराए पर लिया था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य एजेंसियों को भी सूचना दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में कोई और व्यक्ति शामिल है या नहीं। फिलहाल पुलिस ने विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


