Lifestyle Desk: आजकल लगभग हर लड़की अपनी आइब्रो को शेप देने के लिए थ्रेडिंग करवाती है. इससे चेहरा साफ और सुंदर दिखता है और कुछ ही मिनटों में लुक बदल जाता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि थ्रेडिंग जितनी आसान दिखती है, उतनी ही सुरक्षित भी है या नहीं? थ्रेडिंग में बालों को जड़ से खींचकर निकाला जाता है. इस वजह से कई बार स्किन पर इसका असर भी दिख सकता है. खासकर अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है, तो थोड़ा ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत होती है.
Highlights:
इसे भी पढ़े: बिना मेकअप के भी दिख सकते हैं फ्रेश और ग्लोइंग, जानिए चुकंदर के इस्तेमाल से स्किनकेयर के ये फायदे
त्वचा का लाल और जलन
थ्रेडिंग के बाद सबसे आम परेशानी होती है त्वचा का लाल पड़ना और हल्की जलन. कई लोगों को आइब्रो के आसपास सूजन भी आ जाती है. ये आम बात है और कुछ समय में ठीक हो जाती है, लेकिन सेंसिटिव स्किन वालों में ये ज्यादा देर तक रह सकती है.
छोटे दाने और पिंपल
कई बार थ्रेडिंग के बाद छोटे-छोटे दाने या पिंपल जैसे बंप्स भी दिखने लगते हैं. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बाल जड़ से निकलते समय स्किन के अंदर हल्की सूजन हो जाती है. इसे फॉलिकुलाइटिस भी कहा जाता है, जिसमें खुजली या जलन महसूस हो सकती है.
संक्रमण का खतरा
अगर पार्लर में साफ-सफाई का ध्यान न रखा जाए, तो संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है. गंदा धागा या बिना साफ हाथों से थ्रेडिंग करने पर बैक्टीरिया स्किन में जा सकते हैं, जिससे दर्द, सूजन या पस वाले दाने हो सकते हैं. इसलिए हमेशा साफ-सुथरे और भरोसेमंद पार्लर का ही चुनाव करें.
कट या चोट लगने का डर
आंखों के आसपास की त्वचा बहुत नाजुक होती है. अगर थ्रेडिंग सही तरीके से न की जाए या ज्यादा दबाव डाला जाए, तो स्किन पर हल्का कट या खरोंच भी आ सकती है. कई बार जल्दी-जल्दी करने में शेप भी बिगड़ जाता है, जिससे दोनों आइब्रो एक जैसी नहीं दिखतीं.
थ्रेडिंग से पहले रखें ध्यान
थ्रेडिंग करवाने से पहले कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. हमेशा एक्सपीरियंस्ड व्यक्ति से ही थ्रेडिंग करवाएं. ध्यान रखें कि हर बार नया और साफ धागा इस्तेमाल हो. अगर आपकी स्किन पर पहले से कोई कट, जलन या इंफेक्शन है, तो थ्रेडिंग कुछ दिन के लिए टाल देना ही बेहतर है. अगर आप रेटिनॉल या कोई स्ट्रॉन्ग स्किन प्रोडक्ट इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले डॉक्टर से सलाह लेना सही रहेगा. अगर थ्रेडिंग के बाद त्वचा का लाल पड़ना कम होने की बजाय बढ़ने लगे, ज्यादा दर्द हो, सूजन बनी रहे या पस जैसे लक्षण दिखें, तो इसे नजरअंदाज न करें. ऐसे में तुरंत स्किन डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है.
थ्रेडिंग एक आसान और पॉपुलर तरीका है, लेकिन थोड़ी सी सावधानी न बरती जाए तो ये परेशानी भी दे सकता है. इसलिए अगली बार पार्लर जाने से पहले इन बातों को जरूर ध्यान में रखें, ताकि आपकी खूबसूरती के साथ आपकी स्किन भी सुरक्षित रहे.

