मनोरंजन: दुनिया की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक अवतार की तीसरी फिल्म अवतार 3 दुनियाभर में जमकर कमाई कर रही है। फिल्म 19 दिसंबर को रिलीज हुई थी और पहले वीकेंड पर ही इसने शानदार कमाई कर ली। जेम्स कैमरून की एपिक फैंटेसी अवतार: फायर एंड ऐश ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त ओपनिंग की और दूसरे दिन भी शानदार कमाई जारी रखी। लेकिन तीसरे दिन इसने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा दी है।
अवतार 3 ने भारत में 19 करोड़ रुपये के साथ शानदार ओपनिंग की थी। दूसरे दिन इसने 22.5 करोड़ कमाए और तीसरे दिन 25.75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसी के साथ तीन दिनों का टोटल कलेक्शन 67.25 करोड़ रुपये हो गया। तीन दिनों के कमाई के साथ यह पहले वीकेंड का कलेक्शन भी माना जा रहा है। दरअसल भारत में अवतार 3 को आदित्य धर की फिल्म धुरंधर से कड़ी टक्कर मिल रही है इसीलिए इसका प्रदर्शन अवतार 2 से कम हुआ है। क्योंकि अवतार 2 ने भारत में मात्र 40 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोला था।
लेकिन दुनियाभर में अवतार 3 ने तबाही मचा दी है। इसने दूसरे दिन ही 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। अवतार 3 के वीकेंड पर वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो इसने तीसरे दिन भी तूफानी कमाई जारी रखते हुए 3100 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर लिया है। यानि तीसरे ही दिन और पहले वीकेंड पर ही फिल्म ने अपने बजट 2200 करोड़ को पूरी तरह वसूल कर लिया है और अभी तो यह शुरुआत मानी जा रही है, अभी फिल्म को रिलीज हुए सिर्फ 3 दिन ही हुए हैं। अब देखना बाकी है कि अवतार 3 कितना प्रॉफिट कमाती है। इस फ्रेंचाईजी की पहले आई दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थीं और अब तीसरी फिल्म भी अच्छा प्रदर्शन करते नजर आ रही है।


