पटना: बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्य़क्ष बनाए जाने के अगले दिन ही अब बिहार भाजपा को भी नया अध्यक्ष मिल गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह की ओर से जारी पत्र के मुताबिक संजय सरावगी बिहार बीजेपी के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है. संजय सरावगी दरभंगा सदर से 6 बार के विधायक हैं. इसके अलावा बिहार सरकार में मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं.
Highlights:
मिथिलांचल में पार्टी का चर्चित चेहरा
BJP का कोर वोटर माने जाने वाले वैश्य समुदाय से ताल्लुक रखने वाले संजय सरावगी मिथिलांचल में पार्टी का चर्चित और पुराना चेहरा है. इस बार उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया. वो दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे. दिलीप जायसवाल भी वैश्य समुदाय से ही आते हैं. वे लगभग 10 सालों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के विभिन्न पदों पर रहकर संगठनात्मक कार्य करते रहे हैं. 1999 में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री रहे. 2001 में दरभंगा नगर मंडल भाजपा के अध्यक्ष रहे. 2002 में दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या 6 से पार्षद निर्वाचित हुए. 2003 में दरभंगा जिला भाजपा के महामंत्री के पद पर रहे.
2005 में पहली बार बने विधायक
पहली बार फरवरी 2005 में दरभंगा सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए. इसके बाद नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार विधायक निर्वाचित हुए. 2017 में बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के सभापति रहे. फरवरी 2025 में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री चुने गए.
अध्यक्ष बनने पर मिली बधाई
बिहार के पूर्व मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, “दरभंगा के विधायक व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सरावगी जी को बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं. पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव से बिहार में पार्टी और अधिक सशक्त होगी तथा जनसेवा के नए कीर्तिमान स्थापित होंगे.”
बीजेपी नेता तरुण चुग ने कहा, “दरभंगा से विधायक संजय सरावगी जी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं. मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व में बिहार में भाजपा और सशक्त एवं मजबूत होगी.”
राजस्थान बीजेपी के नेता सीपी जोशी ने कहा, “दरभंगा (सदर) बिहार से विधायक व बिहार के पूर्व मंत्री संजय सरावगी जी बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्जवल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं.”


