नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने आइसा की प्रमुख नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया है. उन्हें दिल्ली के मंडी हाउस इलाक़े से हिरासत में लिया गया है. इससे पहले नेहा बोरा और उनके कई साथियों ने मंडी हाउस इलाक़े से तिरंगा मार्च शुरू किया था. पुलिस ने नेहा बोरा के साथ ही आइसा और लेफ़्ट पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है.
नेहा बोरा के एक्स अकाउंट से पोस्ट किया गया है, “नेहा को अकेले ही डिटेन किया गया है और उन्हें अज्ञात जगह पर ले गए हैं. उनके पास उनका फ़ोन नहीं है. दिल्ली पुलिस बताए कि नेहा कहां है. एक बार फिर से उनका अपहरण किया गया है, यह डिटेंशन नहीं है.” नेहा बोरा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग में प्रदर्शन कर रही थीं.
इसे भी पढ़ें : कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा, ‘दिल्ली पुलिस दीपके को किसी अज्ञात जगह पर ले गई है’
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया. दीपके दिल्ली में जिस घर में रह रहे थे, वहां से जैसे ही सीजेपी के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के लिए हाथ में तिरंगा लेकर बाहर निकले, वहां मौजूद पुलिस अधिकारी ने उनसे कहा, ”हम आपको प्रिवेंटिव डिटेन कर रहे हैं.” दीपके तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क जा रहे थे.

