Wednesday, November 4, 2026

गिरिडीह के गावां में किसान महासभा की बैठक, धान खरीद और एमएसपी को लेकर सरकार पर लगे आरोप

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड में किसानों की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीद व्यवस्था, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और पैक्स से जुड़े मुद्दों को लेकर किसानों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष नारायण यादव ने की, जबकि संचालन माले प्रखंड सचिव सकलदेव यादव ने किया। बैठक में सैकड़ों किसान और पैक्स अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक के दौरान किसानों ने पैक्स में धान की ऑनलाइन इंट्री बंद होने और प्रखंड में धान खरीद का लक्ष्य घटाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। किसानों का कहना था कि इन कारणों से सरकारी खरीद पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही किसानों ने धान के एमएसपी में बढ़ोतरी की मांग भी रखी।

सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि हेमंत सरकार ने किसानों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने बताया कि चुनाव के समय सरकार ने 3200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन अब केवल 2450 रुपये प्रति क्विंटल पर धान खरीदने का विज्ञापन जारी किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पैक्स में ऑनलाइन इंट्री बंद होने से किसान बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर फसल बेचने को मजबूर हो गए हैं।

आंदोलन की चेतावनी

राजकुमार यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 4 फरवरी तक किसानों की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 5 फरवरी को अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले हजारों किसान गावां थाना मोड़ के पास गावां-नवादा (बिहार) मुख्य पथ को जाम करेंगे। बैठक के बाद किसानों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त (डीसी) और खाद्य आपूर्ति विभाग के नाम से एक ज्ञापन तैयार किया, जिसे अंचलाधिकारी (सीओ) को सौंपा गया। गावां में हुई यह बैठक किसानों की बढ़ती नाराजगी और धान खरीद व्यवस्था की खामियों को उजागर करती है। यदि सरकार ने समय रहते समाधान नहीं किया, तो आने वाले दिनों में जिले में बड़ा किसान आंदोलन देखने को मिल सकता है।

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर