Saturday, October 31, 2026

महिला क्रिकेट विश्व कप खेलने आई आस्ट्रेलियाई महिला टीम के दो खिलाड़ियों से यौन हिंसा, आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश : महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए भारत दौरे पर गईं दो महिला ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ “अनुचित बर्ताव और उन्हें ग़लत तरीके से छूने” का मामला सामने आया है. मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने इस मामले में ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस द्वारा की गई शिकायत पर केस दर्ज किया है. पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 74 और धारा 78 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार यह घटना गुरुवार सुबह क़रीब 11 बजे हुई.

अपने बयान में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया है कि ये घटना गुरुवार को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक मैच के ख़त्म होने के बाद उस वक़्त हुई जब ये महिला खिलाड़ी एक कैफे़ की तरफ़ जा रही थीं.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, “हम पुष्टि कर सकते हैं कि इंदौर में एक कैफे़ की तरफ़ जाते समय मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति ने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की दो खिलाड़ियों का पीछा किया और उन्हें ग़लत तरीके से छुआ.” बयान में आगे कहा गया है, “टीम की सिक्योरिटी ने इस मामले के बारे में पुलिस को जानकारी दी है, जो इसकी जांच कर रही है.”

मामले को लेकर बीसीसीआई ने कहा

वहीं बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण कहा है और बीसीसीआई की तरफ़ से इसकी निंदा की है. उन्होंने कहा, “इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है. हम इसकी निंदा करते हैं. ये हमारे विदेशी मेहमान हैं, इस तरह की हरकतें नहीं होनी चाहिए. पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया है और कार्रवाई कर रही है. जो भी बीसीसीआई और मध्य प्रदेश क्रिकेट की तरफ से है, हम वो कर रहे हैं. हम यही चाहते हैं कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो.”

क्या कहना है इंदौर पुलिस का

इंदौर के अडिशनल डिप्टी पुलिस कमिश्नर (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने बताया कि इस मामले में अकील अहमद नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया, “अकील अहमद खजराना का रहने वाला है, जिसने गाड़ी चलाते हुए दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से छेड़छाड़ की और बैड टच करके भाग गया था. इस मामले में केस दर्ज कर पाँच थानों की टीम ने मिलकर उसे गिरफ़्तार किया है.” एसीपी के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फ़ुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ़्तार किया.”

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “देश के अलग-अलग हिस्सों से इस तरह की ख़बरें सुनाई दे रही हैं. ये और ज़्यादा चिंता का विषय है. महिलाओं के ख़िलाफ़ इस तरह के अपराध बढ़ते जा रहे हैं. अफ़सोस की बात है कि जहां विपक्ष की सरकार हो वहां बीजेपी पूरी तरह से सड़कों पर दिखती है, लेकिन जहां उनकी अपनी सरकार है वहां वो चुप रहती है. मुझे नहीं लगता कि इस तरह का दोगलेपन से महिलाओं की सुरक्षा में कोई योगदान रह पाएगा.”

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ये घटना इंदौर के लिए और देश के लिए शर्मनाक है. उन्होंने कहा, “अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपराधियों के ख़िलाफ़ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए. एक नज़ीर बननी चाहिए कि इस तरह की ग़लत हरकत के क्या परिणाम हो सकते हैं. अपराधियों के ख़िलाफ़ जो भी सख्त से सख्त कार्रवाई है, वो की जाएगी.” बता दें कि आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 30 सितंबर से भारत और श्रीलंका में खेला जा रहा है जिसका फ़ाइनल 2 नवंबर को खेला जाएगा.

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर