खेल : आस्ट्रेलिया के दौरे पर शनिवार को सिडनी में खेले गए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे और आख़िरी वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने नौ विकेट की शानदार जीत दर्ज की है. इस जीत के हीरो बने सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और विराट कोहली. रोहित शर्मा ने 11 चौके और 2 छ्क्कों की मदद से 105 गेंदों में शतक जड़ा जो उनका 33वां वनडे शतक है, इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैचों में 50 शतक पूरे किए.
वहीं विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में 75वां अर्धशतक लगाते हुए 81 गेंदों में नाबाद 74 रनों की पारी खेली. इस मैच में विराट कोहली श्रीलंका के कुमार संगाकारा को पीछे छोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज़ बन गए.
वनडे क्रिकेट में इस समय सबसे अधिक 18 हज़ार 426 रन सचिन तेंदुलकर के हैं. इसके साथ ही रोहित शर्मा और विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ढाई-ढाई हज़ार रन पूरे किए. वह ऐसा कारनामा करने वाले दूसरे और तीसरे बल्लेबाज़ बन गए. मैच में भारत का पहला और एकमात्र विकेट 69 रनों पर कप्तान शुभमन गिल के रूप में गिरा. जिन्होंने 26 गेंदों में दो चौक और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए.
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आस्ट्रेलिया की पूरी टीम 46.4 ओवरों में 236 रनों पर ढेर हो गई. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ कोई ख़ास कमाल नहीं कर पाए. भारत की ओर से तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा ने 39 रन देकर 4 विकेट लिए.
वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट लिए. इनके अलावा मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे अधिक 56 रन मेट रेनशॉ और 41 रन मिचेल मार्श न बनाए.


