रांची : राजधानी रांची के तीनों प्रमुख बस टर्मिनलों आइटीआई बस स्टैंड, सरकारी बस डिपो और बिरसा मुंडा बस टर्मिनल खादगढ़ा को अब राष्ट्रीय मानकों पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 48.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहरी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने निर्माण कार्य को मंजूरी दी है। विभागीय प्रधान सचिव सुनील कुमार को जुडको के माध्यम से कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है।

आइटीआई बस स्टैंड बनेगा अत्याधुनिक
आइटीआई बस स्टैंड को पूरी तरह आधुनिक रूप दिया जाएगा। यह 3 एकड़ भूमि पर बनेगा। ग्राउंड फ्लोर में 2330 वर्गमीटर और प्रथम तल में 880 वर्गमीटर का टर्मिनल भवन होगा। यहां ड्राइवर कैंटीन, मेंटेनेंस शेड, गार्ड रूम, प्रतीक्षालय, पार्किंग सुविधा और स्लाइडिंग गेट लगाया जाएगा। प्रथम तल पर टिकट काउंटर, प्रशासनिक भवन, डॉरमेट्री, गेस्ट रूम और हरियाली के लिए लैंडस्केपिंग होगी। यहां प्रतिदिन 416 बसों का संचालन होगा।
सरकारी बस डिपो का होगा पुनर्निर्माण
1962 से 1970 के बीच बने इस डिपो को इंडियन रोड कांग्रेस के मानकों के अनुसार फिर से बनाया जाएगा। इसके लिए 20.19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भवन में 1771 वर्गमीटर ग्राउंड फ्लोर और 845 वर्गमीटर प्रथम तल में सुविधाएं होंगी। गार्ड रूम, मेंटेनेंस एरिया, प्रतीक्षालय, फूड कियोस्क, स्लाइडिंग गेट और पार्किंग की व्यवस्था होगी। आठ बस वे से प्रतिदिन 512 बसों का संचालन किया जाएगा।

बिरसा मुंडा टर्मिनल खादगढ़ा का जीर्णोद्धार
इस पुराने बस टर्मिनल को 3.76 करोड़ रुपये की लागत से और सुविधाजनक बनाया जाएगा। यह 11.6 एकड़ भूमि में फैला है। इसमें 31 बस वे, 89 बसों और 70 कारों के लिए पार्किंग की सुविधा होगी। स्मार्ट शेड, 50 बेड की डॉरमेट्री, रेस्टरूम, स्नानागार और गेस्ट हाउस बनाए जाएंगे। महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। रिसर का सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग भी की जाएगी।
Also Read : झारखंड में मौसम में बदलाव, लौटेंगी ठंडी हवाएं
टेंडर जल्द जारी करने का निर्देश
प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको को तीनों बस टर्मिनलों के टेंडर जल्द जारी करने का निर्देश दिया है। सरकार चाहती है कि निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं जल्द मिल सकें।
राष्ट्रीय मानकों पर बस टर्मिनलों का विकास
इन तीनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रांची के बस टर्मिनल राष्ट्रीय मानकों के मॉडल बनेंगे। यात्रियों को सुरक्षा, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। राज्य सरकार का मानना है कि इससे न केवल यात्रा व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि राजधानी की छवि भी और बेहतर बनेगी।
यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधा
बस टर्मिनलों में आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, साफ-सुथरे शौचालय, पार्किंग की सुविधा और हरियाली यात्रियों को आरामदायक अनुभव देगी। इससे बस परिचालन और शहर के यातायात को भी नई दिशा मिलेगी।
सरकार का फोकस मजबूत परिवहन पर
राज्य सरकार राजधानी रांची में शहरी परिवहन को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। बस टर्मिनलों का कायाकल्प इस दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


