जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के दुआर्स क्षेत्र में सोमवार को बाढ़ राहत वितरण के दौरान बड़ी हिंसक घटना सामने आई। मालदा से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ ने उन पर पत्थरबाजी की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट लगी और खून बहने लगा। यह घटना नागरकाटा इलाके में उस समय हुई जब सांसद अपने साथ भाजपा विधायक शंकर घोष और अन्य नेताओं के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही भाजपा का काफिला गांव पहुंचा, करीब 500 से ज्यादा लोगों ने वापस जाओ के नारे लगाने शुरू कर दिए और सड़क जाम कर दी। कुछ देर बाद ही भीड़ ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
खून से लथपथ सांसद की तस्वीरें वायरल
हमले के बाद सामने आई तस्वीरों में भाजपा सांसद खगेन मुर्मू को खून से लथपथ हालत में गाड़ी में बैठे देखा गया। उनके चेहरे से लगातार खून बह रहा था और उनका सफेद कुर्ता व गमछा पूरी तरह लाल हो चुका था। वे बार-बार रूमाल से खून पोंछते दिखे। हमला इतना अचानक हुआ कि सुरक्षाकर्मियों को सांसद को बचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
भाजपा ने लगाया TMC पर हमला करवाने का आरोप
हमले के कुछ ही समय बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाए। भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, TMC का जंगलराज फिर लौट आया है। एक आदिवासी नेता और दो बार के सांसद खगेन मुर्मू पर TMC के गुंडों ने हमला किया है।
मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राज्य के कई हिस्से बाढ़ से जूझ रहे हैं, तब मुख्यमंत्री कोलकाता कार्निवल में शामिल होकर नाच रही थीं। उन्होंने कहा कि TMC सरकार और प्रशासन पूरी तरह गायब है। जो लोग बाढ़ पीड़ितों की मदद करने जा रहे हैं, उन पर हमले हो रहे हैं। यही ममता बनर्जी के बंगाल की सच्चाई है।
शुभेंदु अधिकारी बोले
बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी पूरी तरह से दहशत में हैं। उन्होंने खास समुदाय से जुड़े अपने गुंडों को उकसाकर भाजपा नेताओं पर हमले करवाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारी ने दावा किया कि हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ, लेकिन किसी ने हमलावरों को रोकने की कोशिश नहीं की। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा ऐसे हमलों से डरने वाली नहीं है और यह घटना ममता सरकार की तानाशाही सोच को दिखाती है।
ममता बनर्जी भी बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर
दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी सोमवार को बाढ़ग्रस्त इलाकों के दौरे पर थीं। उन्होंने सुबह कोलकाता से रवाना होते हुए कहा था कि वे हासीमारा एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेंगी और फिर नागरकाटा जाएंगी। ये वही जगह है जहां कुछ घंटे बाद यह हमला हुआ। ममता बनर्जी ने कहा था कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ है और हर संभव मदद दी जाएगी। हालांकि, अभी तक राज्य सरकार या TMC की ओर से इस घटना पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
राज्य में बढ़ रहा राजनीतिक तनाव
इस हमले के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में फिर से तनाव बढ़ गया है। भाजपा ने दावा किया है कि यह हमला राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पिछले कुछ महीनों में बंगाल में भाजपा और TMC के बीच राजनीतिक झड़पें बढ़ी हैं, खासकर पंचायत चुनावों और बाढ़ राहत वितरण जैसे मौकों पर।


