बिहार : बिहार भाजपा ने 2025 विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग से एक चरण में चुनाव कराने की मांग की है। पार्टी ने शनिवार को चुनाव आयोग के साथ हुई बैठक में 16 सूत्री मांग और सुझाव रखे। इस संदर्भ में भाजपा ने चुनाव आयोग को एक पत्र भी सौंपा।
भाजपा नेताओं ने सौंपा पत्र
यह पत्र बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, चुनाव प्रबंधन विभाग के प्रदेश संयोजक राधिका रमण और विधि प्रकोष्ठ के संयोजक विंध्याचल राय ने चुनाव आयोग को सौंपा। पत्र में भाजपा ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और उसकी बेहतर तैयारी की सराहना की और सभी 38 जिलों एवं 243 विधानसभा क्षेत्रों के लिए लगभग दो लाख बीएलए की सहभागिता को बधाई दी।
मतदान केन्द्रों को धार्मिक स्थलों से हटाने की मांग
बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि कई मतदान केन्द्र धार्मिक स्थलों के पास बने हुए हैं। पिछले 30 वर्षों से ये मतदान केन्द्र वहीं हैं। पार्टी ने आयोग से आग्रह किया है कि इन केन्द्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया जाए ताकि मतदाताओं की सुविधा बढ़े और मतदान प्रतिशत भी बढ़ सके।
मतदाताओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सुझाव
भाजपा ने चुनाव आयोग से मतदाताओं को समय पर वोटर स्लिप उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही दियारा और टाल क्षेत्रों में घुड़सवार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने का सुझाव दिया। नदी वाले इलाकों में मतदान से दो दिन पहले तक नावों की सघन जांच और मतदान से एक दिन पहले नाव परिचालन पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
भाजपा ने चुनाव के दौरान केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों का फ्लैग मार्च कराने और चुनाव वाले दिन जिला एवं विधानसभा क्षेत्र की सीमाएं सील करने की मांग की। पार्टी ने सभी मतदान केन्द्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की भी मांग की।
अन्य प्रमुख मांगें
चुनाव में पारदर्शिता लाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम की संख्या बढ़ाई जाए। सभी ऑब्जर्वर और पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर और पते अखबारों में प्रकाशित किए जाएं। अतिपिछड़ा, दलित और कमजोर वर्गों के मतदाताओं को दबाव से बचाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की गश्त बढ़ाई जाए। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एसएमएस और आईवीआरएस कॉल की व्यवस्था की जाए। मतदाता पर्ची एसएमएस से भी उपलब्ध कराई जाए। मतदान केन्द्र की अधिकतम दूरी मतदाता के घर से दो किलोमीटर तक सीमित रखने का आग्रह किया गया। बिहार भाजपा ने चुनाव आयोग से अपील की है कि उसकी 16 सूत्री मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए। पार्टी का मानना है कि इन उपायों से चुनाव प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी।


