बिहार: बिहार के मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन ब्लास्ट नाला निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से जमीन के नीचे बिछी PNG पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से हुआ। पाइपलाइन फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ। इस घटना में पांच लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस और स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटे हैं। हादसे के बाद गोबरसही और आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: Bihar Cyber Crime: WhatsApp पर Video Call के जरिए व्यक्ति को झांसे में लेकर जॉइंट अकाउंट से उड़ाए 4.90 लाख रुपये
बिहार: तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर खबरा गांव तक सुनाई दी। धमाके के कारण आसपास के एक मकान और एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है।
बिहार: मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी टीमें हालात को संभालने और राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। गैस रिसाव और आग लगने के खतरे को देखते हुए आसपास के लोगों में डर बना हुआ है।
बिहार: मौके पर जुटी भारी भीड़
हादसे की जानकारी मिलते ही शहर के दूसरे इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। गोबरसही चौक और आसपास की सड़कों पर भीड़ जमा हो गई है। इससे राहत और बचाव कार्य में परेशानी हो रही है। प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।

