Saturday, October 31, 2026

पटना में सास की हत्या का आरोपी दामाद गिरफ्तार, पत्नी के साथ रहने से इनकार पर था नाराज

क्राइम डेस्क: राजधानी पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में सास उर्मिला देवी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी दामाद मुकेश उर्फ गुल्ला को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे दानापुर से पकड़ा है. आरोप है कि पत्नी के साथ नहीं रहने से नाराज मुकेश ने गुरुवार की रात खाजपुरा स्थित नेहरू पथ पर पिलर नंबर 17 के पास उर्मिला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

इसे भी पढ़ें: आरके सिन्हा को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, राबड़ी देवी और चिराग पासवान; दीघा घाट पर होगा अंतिम संस्कार

पटना: पत्नी से विवाद के कारण सास को मानता था जिम्मेदार

जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी की छोटी बेटी ने पिछले साल विक्रम निवासी मुकेश से शादी की थी. मुकेश पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है. करीब चार महीने पहले वह जेल से बाहर आया था. आरोप है कि जेल से छूटने के बाद वह नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. इससे परेशान होकर पत्नी कई दिनों से अपनी मां उर्मिला देवी के पास रह रही थी.

पत्नी के मायके में रहने से मुकेश नाराज था. वह लगातार उस पर अपने साथ रहने का दबाव बना रहा था. पत्नी के इनकार करने पर वह अपनी सास को इसके लिए जिम्मेदार मानने लगा था. परिजनों के अनुसार, वह उर्मिला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों को गोली मारने की धमकी भी देता था. कभी-कभी वह आशियाना नगर गोलंबर स्थित घर पहुंचकर हंगामा करता था.

पत्नी की दूसरी शादी कराने पर भी देता था धमकी

परिजनों का आरोप है कि मुकेश अपनी पत्नी की दूसरी शादी कराने की बात पर भी धमकी देता था. उसका कहना था कि यदि पत्नी की शादी कहीं और कराई गई तो वह उसे गोली मार देगा. पत्नी के मायके में रहने को लेकर लगातार विवाद चल रहा था. इसी पारिवारिक विवाद के बीच उर्मिला देवी की हत्या कर दी गई.

पटना के नेहरू पथ पर सास की गोली मारकर हत्या

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को उर्मिला देवी रोज की तरह दीपा क्लिनिक में काम खत्म कर घर लौट रही थीं. रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच वह पैदल नेहरू पथ से गुजर रही थीं. इसी दौरान पिलर नंबर 17 के पास पहले से मौजूद मुकेश से उनकी बहस हो गई.

आरोप है कि बहस के बाद मुकेश ने उर्मिला देवी की कनपट्टी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी. गोली उनके सिर के आर-पार निकल गई और वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ीं. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें एलएनजेपी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी, दानापुर से गिरफ्तारी

हत्या के बाद आरोपी के फरार होने को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई थी. कुछ लोगों का कहना था कि वह पैदल रुकनपुरा की ओर भागा था. वहीं, कुछ लोगों के अनुसार, उसने अपनी बाइक कुछ दूरी पर खड़ी कर रखी थी और उसी से दानापुर की ओर फरार हो गया था. बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश उर्फ गुल्ला को दानापुर से गिरफ्तार कर लिया.

परिवार के भरण-पोषण के लिए करती थीं काम

उर्मिला देवी मूल रूप से विक्रम के अराप गांव की रहने वाली थीं. वह आशियाना नगर में किराये के मकान में अपने पति अजय सिंह और छोटी बेटी के साथ रहती थीं. उनके पति मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए हैं. परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उर्मिला देवी पर थी. वह दीपा क्लिनिक समेत अन्य जगहों पर झाड़ू-पोछा का काम करती थीं. उनकी हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर