रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार, 9 अक्टूबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में दूसरा T20 मुकाबला खेला जाएगा। पहला मुकाबला लखनऊ के एकाना स्टेडियम में खेला गया था। भारत ने वहाँ 8 विकेट से जीत दर्ज कि थी। इस वक्त भारत के पास 1-0 कि बढ़त है। टी 20 फॉर्मैट में भारत का पलड़ा वेस्टइंडीज के सामने भारी है। ऐसे में आज के मुकाबले में भारत के पास एक अलग आत्मविश्वास होगा। वहीं आज वेस्ट इंडीज भी आज चाहेगी कि वो ये मुकाबला जीते।
Highlights:
IND vs WI 2nd T20: दर्शकों के लिए खास इंतजाम
मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। अगर किसी कारण से टिकट का बारकोड स्कैन नहीं होता है, तो दर्शकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में टिकट की जांच के लिए अलग व्यवस्था की गई है।
टिकट स्कैन नहीं हुआ तो भी मिलेगी एंट्री
टिकट स्कैन करते समय तकनीकी परेशानी आने पर दर्शकों को अलग लाइन में भेजा जाएगा। यहां मोबाइल टर्नस्टाइल मशीन की मदद से टिकट की जांच होगी। अगर टिकट सही पाया जाता है, तो दर्शक को JSCA स्टेडियम में प्रवेश मिल जाएगा। इस व्यवस्था का मकसद टिकट जांच के दौरान होने वाली परेशानी को कम करना और प्रवेश द्वार पर भीड़ बढ़ने से रोकना है।
दोपहर 3 बजे से शुरू होगी JSCA स्टेडियम में एंट्री
JSCA स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। प्रवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए करीब दो दर्जन फिक्स्ड टर्नस्टाइल मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों से टिकट की जांच की जाएगी और सही टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के अंदर जाने की अनुमति मिलेगी।
दर्शकों को मुफ्त में मिलेगा पानी
मैच देखने आने वाले लोगों के लिए JSCA स्टेडियम के सभी विंग के अपर और लोअर टियर में मुफ्त पानी की व्यवस्था की गई है। पानी के साथ गिलास भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि दर्शकों को मैच के दौरान पानी पीने के लिए परेशान न होना पड़े।
टिकट के हिसाब से तय किए गए पार्किंग रूट
JSCA स्टेडियम आने वाले दर्शकों के लिए गेट और टिकट के हिसाब से पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साउथ और साउथ ईस्ट गेट से आने वाले दर्शक प्रभात तारा मैदान, डीएवी स्कूल या सेंट थॉमस स्कूल में अपनी गाड़ी पार्क कर सकते हैं। वहीं, वेस्ट गेट से आने वाले दर्शकों के लिए सुखदेव मैदान और सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
नयासराय रिंग रोड से आने वाले दर्शक हाईकोर्ट के सामने हेलीपैड मैदान में अपनी गाड़ी पार्क कर सकते हैं। यहां से उन्हें पैदल नॉर्थ गेट तक जाना होगा। वीआईपी और वीवीआईपी दर्शकों के लिए शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए नॉर्थ गेट की पार्किंग तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी। सामान्य वाहन से आने वाले दर्शक धुर्वा गोलचक्कर मैदान, जवाहर स्टेडियम, मियां मार्केट, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान या हेलीपैड मैदान में पार्किंग कर सकते हैं।
मैच खत्म होने के बाद इन रास्तों का करें इस्तेमाल
मैच खत्म होने के बाद JSCA स्टेडियम के आसपास भीड़ और जाम से बचने के लिए दर्शकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रातू, गोंदा और कांके जाने वाले लोग तिरिल-कुटे-नयाटोली से नयासराय होते हुए रिंग रोड जा सकते हैं। वहीं, नगड़ी, इटकी और बेड़ो जाने वाले लोग नयासराय-रिंग रोड से नगड़ी होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
कांके, पिठौरिया और ओरमांझी जाने वाले लोग नयासराय-रिंग रोड से तिलता चौक होते हुए आगे बढ़ सकते हैं। वहीं, नामकुम, टाटीसिलवे, सिल्ली और मुरी जाने वाले लोग झारखंड मंत्रालय-तुपुदाना-रिंग रोड से नामकुम होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकते हैं।
स्टेडियम जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
दर्शकों को सलाह दी जाती है कि वे स्टेडियम पहुंचने से पहले अपने टिकट पर दिए गए गेट और पार्किंग की जानकारी जरूर देख लें। इससे उन्हें वाहन पार्क करने और स्टेडियम में प्रवेश करने में आसानी होगी। साथ ही, मैच खत्म होने के बाद जाम से बचने के लिए अपने गंतव्य के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

