रांची: झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत दावा-आपत्ति का चरण 30 सितंबर को ही पूरा हो चुका है। लेकिन वैसे मतदाता या पात्र नागरिक जो अभी भी मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6 जमा नहीं किए हैं, उन्हें इसके लिए एक और अवसर प्रदान किया जा रहा है। ऐसे नागरिक सात से नौ अक्टूबर तक मतदान केंद्रों पर आयोजित होनेवाले विशेष डिजिटाइजेशन कैंप में भाग लेकर बीएलओ को यह फार्म भरकर दे सकते हैं। यह फार्म मतदान केंद्रों पर बीएलओ से प्राप्त किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च करने व राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर अभिजीत दीपके और बीजेपी ने ये कहा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, ईआरओ एवं एईआरओ को इसे लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कैंप की जानकारी साझा करें और क्षेत्र के छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बीएलओ को प्राप्त फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के डिजिटाइजेशन में तेजी लाने एवं बीएलओ को प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध डिजिटाइजेशन के लिए तीन दिवसीय विशेष डिजिटाइजेशन कैंप में सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश देते हुएकहा कि मेगा हेल्पडेस्क पर नागरिकों को नोटिस की सुनवाई, दावा-आपत्ति, मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में विशेष रूप से जनजातीय समूहों, पिछड़े वर्गों, दिव्यांगजनों, वृद्ध मतदाताओं, थर्ड जेंडर, सेक्स वर्कर अन्य वंचित वर्गों के पात्र भारतीय नागरिक हैं वहां तक पहुंच बनाने के लिए विशेष आउटरीच प्रोग्राम चलाकर उनकी पहचान की जाए और आवश्यक प्रक्रिया एवं दस्तावेजों के संबंध में सहायता दी जाए।


