रांची : झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक पॉश अपार्टमेंट के फ्लैट को दिनदहाड़े निशाना बना लिया। अनंतपुर स्थित सुकीर्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-201 में हुई बड़ी चोरी से इलाके में सनसनी फैल गई। चोर फ्लैट से करीब 36.30 लाख रुपये मूल्य के हीरे, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : सरायकेला खरसांवा जिले में थाना व ओपी प्रभारियों समेत कई पुलिस अधिकारियों का तबादला
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान फ्लैट बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया और अलमारी समेत अन्य स्थानों को खंगाल डाला। लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ करने के बाद आरोपी मौके से निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की पहचान में जुटी है।
अपर बाजार में 20 लाख के सामान की चोरी
इधर राजधानी के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में शुमार अपर बाजार में बदमाशों ने सिगरेट की एक एजेंसी को निशाना बनाया। एजेंसी में रखे सिगरेट के कार्टन और नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। चोरों ने पहले एजेंसी की सुरक्षा में लगे तालों को तोड़ा और फिर भीतर रखे सिगरेट के कार्टन को एक-एक कर समेट लिया। इसके बाद वहां रखी नकदी भी लेकर निकल गए। घटना का पता चलने के बाद एजेंसी संचालक और आसपास के कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
अपर बाजार में बड़ी संख्या में थोक दुकानें और गोदाम हैं। ऐसे इलाके में लाखों रुपए की चोरी ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। कारोबारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच रात की गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।


