नई दिल्ली: देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें याद किया है. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद मनमोहन सिंह के आवास पर एक प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया. इसमें मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर, उनके परिवार के कई अन्य सदस्य और राहुल गांधी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें : पटना में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत का छात्रों संग संवाद, पुलिस कार्रवाई पर छात्रों ने पूछा सीधा सवाल
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने लिखा, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि, उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई साल बिताए और पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ देश की सेवा की.” गौरतलब है कि मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे. उनका 26 दिसंबर 2024 को निधन हुआ.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, “हम भारत के राष्ट्र-निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के असाधारण योगदान को गहरे सम्मान के साथ याद करते हैं. एक दूरदर्शी राजनेता के तौर पर, उनके ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों ने भारत की विकास की दिशा बदल दी, नए अवसर पैदा किए और लाखों लोगों को ग़रीबी से बाहर निकालने में मदद की.”
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन. अपनी विनम्रता, ईमानदारी और दूरदर्शिता से उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक न्याय को नई दिशा दी. भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक निर्णय और अमूल्य योगदान हमारा सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे.”


