जमशेदपुर : बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना को लेकर कोल्हान रेंज के DIG अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा सामने आया है। इसी विवाद के दौरान गोलीबारी की गई। DIG ने बताया कि तीन अपराधी मौके पर आए थे और घटना के दौरान करीब 11 राउंड गोली चलने की बात सामने आई है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला मरीन ड्राइव, रेस्टोरेंट में घुसकर बदमाशों की फायरिंग में 3 घायल
उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। साथ ही फायरिंग में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। DIG अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उडुपी रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग
बता दें कि शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार मरीन ड्राइव में शनिवार दोपहर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में बाइक सवार अपराधियों ने करीब 1:30 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में दिलशाद, डोमिनिक सैमसन, रिजवान और कृष्णा चौधरी को गोली लगी है। चारों को आनन-फानन में टीएमएच ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इधर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं। कोल्हान रेंज के DIG अनुरंजन किस्पोट्टा खुद घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया।


