जमशेदपुर: झारखंड की टाटा नगरी जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बेखौफ है। गुरूवार को दिनदहाड़े बैंक डकैती के बाद अब शनिवार को सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेस्टोरेंट में अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फायरिंग में तीन लोग गोली लगने से घायल हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर में गोलमुरी में बैंक डकैती व आभूषण दुकान में चोरी से भड़का व्यवसायियों का आक्रोश, स्थानीय बाजार बंद

घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
फायरिंग के पीछे क्या वजह थी, हमलावर कौन थे और वारदात को अंजाम देने के बाद वे किस दिशा में फरार हुए, इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है। मरीन ड्राइव जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग में दिलशाद, डोमिनिक सैमसन, रिजवान और कृष्णा चौधरी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि घायल तीनों व्यक्ति मानगो, टेल्को और आदित्यपुर इलाके के रहने वाले हैं। गोली लगने के बाद चारों को आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात के बाद बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


