खेल डेस्क: आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया है. मंगलवार को गोल्ड मेडल मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 147 रनों से पराजित किया. निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हुए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने 217 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 15.4 ओवरों में मात्र 69 रनों पर सिमट गई. एशियन गेम्स में ये भारत का पहला गोल्ड मेडल है. भारत ने अब तक 4 सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीते थे.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : जमुई बदसलूकी कांड के मुख्य आरोपी का पुलिस ने किया एनकाउंटर, एक अन्य आरोपी का टूटा पैर
गोल्ड मेडल मैच में लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम ने शुरुआत से ही विकेट गंवाए और कभी भी मैच में वापसी नहीं कर पाई. कप्तान चमारी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 21 बॉल पर 29 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. वहीं शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिए. भारतीय टीम विमेंस टी20I में रनों के लिहाज से ये सबसे बड़ी जीत रही.
99 रनों की साझेदारी
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 3 विकेट पर 216 रन बनाए. स्मृति मंधाना ने 7 छक्के और 5 चौके की मदद से 79 रन बनाए तो वहीं ऋचा घोष ने नाबाद 49 रन बनाए. ओपनर शेफाली वर्मा ने 48 रनों की पारी खेली. शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई. श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा और कविशा दिलहारी ने एक विकेट हासिल किए.
लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड
भारत की महिला क्रिकेट टीम ने हांगझोउ एशियन गेम्स 2022 में भी गोल्ड मेडल जीता था. तब भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को ही 19 रनों से पराजित किया था. अब उसने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया. एशियन गेम्स 2026 में विमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता का ब्रॉन्ज पाकिस्तान ने जीता. पाकिस्तानी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में बांग्लादेश को 31 रनों से हराया.


