क्राइम डेस्क: शीर्ष माओवादी असीम मंडल दस्ते के खिलाफ कार्रवाई में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। प बंगाल पुलिस ने दो नक्सलियों पांच लाख रुपये के इनामी मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो उर्फ समीर उर्फ पांडेय और दो लाख इनामी उसकी पत्नी मालती मुर्मू को गिरफ्तार किया है। दोनों लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर थे और पुलिस रिकॉर्ड में 11-11 मामलों में वांछित बताए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : टीपीसी सुप्रीमो व 30 लाख इनामी बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता यूपी के वाराणसी में हुई पुलिस मुठभेड़ में ढेर
बताया जा रहा है कि दोनों जंगल क्षेत्र से निकलकर पश्चिम बंगाल में एक गुप्त ठिकाने पर रह रहे थे। गिरफ्तार मंगल सिंह सरदार उर्फ समीर झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र के बिदरी गांव का निवासी है। संगठन में SZCM (स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर) स्तर का नक्सली है और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।
वहीं उसकी पत्नी मालती मुर्मू, झाड़ग्राम जिले के गोपीवल्लभपुर क्षेत्र की रहने वाली है। वह ACM (एरिया कमेटी मेंबर) स्तर की नक्सली है और उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।


