क्राइम डेस्क: झारखंड के बोकारो जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के डांगरा भट्ठा टोला निवासी केशोवती देवी का शव पुलिस ने रविवार को जंगल से बरामद कर लिया. महिला का शव पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र के मोहनडीह बलियाबाद स्थित जंगल से बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या करने के बाद शव को जंगल में दफना दिया गया था. खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया.
इसे भी पढ़ें : फर्जी कस्टमर केयर बनकर साइबर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार, ठगी के नई तरीकों से चौंकी पुलिस
केशोवती देवी के पुत्र ढुल्लू शर्मा ने बताया कि उनकी मां मजदूरी का काम करती थीं. 4 सितंबर को वह रोज की तरह मजदूरी करने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिजनों ने सेक्टर-12 थाना में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए महिला के साथ काम करने वाले दो मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पुलिस के अनुसार, मोहनडीह निवासी मुस्तकीम अंसारी ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार की. आरोपी ने पुलिस को बताया कि महिला को मोहनडीह के जंगल में ले जाया गया, जहां 4 सितंबर को ही उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को जंगल में छिपा दिया गया था.पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को जमीन की खुदाई कर शव को दफना दिया गया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को जंगल में खुदाई कर महिला का शव बरामद किया. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
घटना की सूचना के बाद रांची से एसएसएल/FSL की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य के तौर पर नमूने एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी मुस्तकीम अंसारी महिला को अपने गांव मोहनडीह के जंगल में ले गया था. वहां उसकी हत्या कर शव को छिपा दिया गया. बाद में जमीन खोदकर शव को दफनाया गया. डीएसपी के अनुसार, इस दौरान शव को जानवरों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया. मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.


