खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले के सदर थाना क्षेत्र में भगत सिंह चौक स्थित अमित साहू के पेट्रोल पंप पर बुधवार देर शाम बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग कर सनसनी फैला दी। गोली चलाने के बाद अपराधियों ने कथित रूप से PLFI के नाम से एक पर्चा मौके पर छोड़ा। पर्चे में पेट्रोल पंप संचालक सह ठेकेदार अमित साहू से दो दिनों के भीतर 10 लाख रुपये संगठन को सहयोग के रूप में देने की मांग की गई है। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
इसे भी पढ़ें : 10 सितंबर को पिठोरी अमावस्या: जानें अपनी राशि के मुताबिक कैसा रहेगा आज का दिन
घटना के समय संचालक अमित साहू पेट्रोल पंप पर मौजूद नहीं थे। गोली चलने की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाइक सवार दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
दोनों युवकों ने सिर पर कपड़ा बांध रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों तोरपा रोड की ओर फरार हो गए।पुलिस अब CCTV फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान में जुटी है। साथ ही, पर्चे की सत्यता और इसके पीछे वास्तव में कौन लोग हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

