मनोरंजन डेस्क: मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क को लेकर कनाडा से एक बड़ी खबर सामने आई है। 5 सितंबर को ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफ़ोर्ड में अपना लाइव कंसर्ट खत्म करने के बाद जब एमी विर्क वापस लौट रहे थे, तब उनके काफिले को निशाना बनाकर कुछ लोगों ने अंधाधुंध गोलियां चलाई थी।
इसे भी पढ़ें: AI करेगा UPI पेमेंट: जानिए आसान होगा खर्च या बढ़ेगा बड़ा रिस्क
कनाडाई के लोकल मीडिया कोट के मुताबिक, जब एमी मेकैलम रोड से गुजर रहे थे तब उस वक्त एक डार्क-कलर की एसयूवी में सवार अज्ञात हमलावरों ने उनकी रोल्स रॉयस कुलिनन कार पर लगभग 7 राउंड फायरिंग की थी। राहत की बात यह रही कि यह कार बुलेटप्रूफ थी जिस वजह से गाड़ी में सवार एमी विर्क समेत चारों लोग पूरी तरह सुरक्षित थे। हालांकि इस पूरी वारदात पर सिंगर के परिवार की तरफ से एक अलग ही दावा सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक,जहां 7 गोलियां चलने और टारगेटेड अटैक की बात कही जा रही है, वहीं एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने इस तरह की किसी भी फायरिंग की घटना से साफ इनकार किया है। फिलहाल कनाडा पुलिस इस पूरे मामले को टारगेटेड शूटिंग मानकर जांच में जुटी हुई है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच कर रही है। घटना के बीच एमी विर्क का वह पुराना इंटरव्यू भी चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने आर्टिस्ट्स की सुरक्षा पर चिंता जताई थी।
बता दें कि,’किस्मत’ और ‘दरिया’ जैसे हिट गानों से पहचान बनाने वाले एमी विर्क ने फिल्म ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद वे ’83’, ‘बैड न्यूज’ और ‘खेल खेल में’ जैसी बड़ी फिल्मों में भी नजर आ चुके है। पंजाबी सिनेमा में हाल ही में उनकी फिल्म ‘गोड्डे गोड्डे चा 2’ रिलीज हुई है।


