क्राइम डेस्क : झारखड के जमशेदपुर के चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल परिसर में 24 अगस्त को कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस ने हत्याकांड के कथित मुख्य साजिशकर्ता अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
Highlights:
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने कानपुर में छापेमारी कर सिंटू को एक होटल से पकड़ा, जहां वह एक साथी के साथ ठहरा हुआ था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे जमशेदपुर लेकर रवाना हो गई है। यहां उससे लंबी पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश, शूटरों से संपर्क और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
इसे भी पढ़ें : चाईबासा के बहदा गांव में नदी के तेज बहाव में बहे तीन ग्रामीण, एक का शव बरामद, दो अन्य लापता
10 लाख की सुपारी
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, निखार सबलोक की हत्या की साजिश कथित तौर पर सिंटू ने ही रची थी। उसने बिहार के शूटरों को करीब 10 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। सिर्फ सुपारी देने तक ही उसकी भूमिका सीमित नहीं थी। पुलिस की जांच के अनुसार, शूटरों के जमशेदपुर पहुंचने, उनके ठहरने और हत्या के बाद सुरक्षित बाहर निकलने की व्यवस्था में भी सिंटू की अहम भूमिका रही।
हत्याकांड की जांच में पुलिस पहले ही महत्वपूर्ण सुराग जुटा चुकी है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार को पुलिस ने रांची से बरामद कर लिया है। अब कथित मास्टरमाइंड सिंटू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि हत्या की साजिश के पीछे की पूरी कड़ी सामने आ सकती है।
पुलिस की पूछताछ में यह पता लगाने में जुटी है कि निखार सबलोक को निशाना बनाने की वजह क्या थी, हत्या की सुपारी किसके इशारे पर दी गई, शूटरों से संपर्क किस माध्यम से हुआ और वारदात के बाद आरोपियों को बाहर निकालने में किन-किन लोगों ने मदद की। सिंटू से पूछताछ के बाद हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस अब साजिशकर्ता से शूटर तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

