रांची: झारखंड में NEET UG 2026 के तहत MBBS और BDS में एडमिशन के लिए काउंसलिंग का शेड्यूल बदल दिया गया है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने पहले राउंड की काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) के निर्देश के बाद तारीखों में बदलाव किया गया है।
Highlights:
नए शेड्यूल के मुताबिक अभ्यर्थी 25 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इसी तारीख तक कॉलेज और कोर्स की पसंद यानी चॉइस फिलिंग की जा सकेगी। अभ्यर्थियों को भरे गए विकल्पों में बदलाव करने का मौका भी 25 अगस्त तक मिलेगा।
27 अगस्त से सीट अलॉटमेंट
पहले राउंड की सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया 27 अगस्त से 5 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान अभ्यर्थी अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे।
वहीं, दस्तावेजों की जांच और संबंधित कॉलेज में एडमिशन की प्रक्रिया 28 अगस्त से 5 सितंबर तक होगी। अभ्यर्थियों को तय समय-सीमा के भीतर जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा।
इन कॉलेजों की AIQ सीटें भी काउंसलिंग में शामिल
संशोधित शेड्यूल झारखंड की राज्य कोटा सीटों के साथ कुछ निजी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की ऑल इंडिया कोटा (AIQ) सीटों पर भी लागू होगा।
इनमें लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पलामू; नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, सरायकेला-खरसावां; सिद्धो कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, दुमका; बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, खूंटी और वनांचल डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, गढ़वा शामिल हैं।
RIMS जारी करेगा दिव्यांगता प्रमाण पत्र
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS, BDS और BHMS में एडमिशन के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की जिम्मेदारी रिम्स, रांची को दी गई है। संबंधित अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र के लिए RIMS की प्रक्रिया का पालन करना होगा।
BHMS की सीटों का विवरण अभी नहीं
BHMS में एडमिशन को लेकर JCECEB ने बताया है कि स्वास्थ्य विभाग से अभी सीटों की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। सीटों का विवरण मिलने के बाद NEET UG के आधार पर राज्य की मेधा सूची तैयार की जाएगी। इसके आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा।
दूसरे राउंड की तारीख बाद में
दूसरे, तीसरे और स्ट्रे वैकेंसी राउंड का शेड्यूल फिलहाल जारी नहीं किया गया है। इन राउंड की तारीखें MCC के निर्देश मिलने के बाद तय की जाएंगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग से जुड़ी नई जानकारी और किसी भी बदलाव के लिए JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

