जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस लाइन में पदस्थापित एक सिपाही पारिवारिक विवाद से परेशान होकर थाना के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
इसे भी पढ़ें : रांची में JPSC-JSSC परीक्षा धांधली मामले में आंदोलनरत छात्रों से बातचीत के लिए पहुंचे एसडीओ और एडीएम
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में कार्यरत बाबू लाल नामक सिपाही लंबे समय से पारिवारिक कलह के कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के बीच वह अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे आत्महत्या की आशंका के चलते पुलिस महकमे में भी चिंता बढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस, पुलिस लाइन के अधिकारी और उसके साथी जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी देर तक धैर्यपूर्वक बातचीत कर उसे समझाया गया। पुलिसकर्मियों के लगातार प्रयास और समझाने के बाद सिपाही सुरक्षित नीचे उतर आया।


