रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान RIMS के निदेशक डॉ राजकुमार ने पद छोड़ दिया है। इस्तीफा मंजूर होने के अगले ही दिन शुक्रवार सुबह वो अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश के लिए निकल गए।
Highlights:
चार्ज हैंडओवर से बंगला खाली करने तक
डॉ राजकुमार सुबह निदेशक कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने RIMS के प्रभारी निदेशक डॉ डी के सिन्हा को सारी प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंप दीं। इसके बाद निदेशक बंगला खाली किया। बिल्डिंग की चाभी संबंधित कर्मचारी-अधिकारी को दी। इस पूरी प्रोसेस की उन्होंने वीडियोग्राफी भी करवाई। काम खत्म होते ही वो लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
बेटे को भी ले गए साथ
डॉ राजकुमार अपने बेटे को भी लखनऊ ले गए। बेटे की नियुक्ति RIMS में ट्यूटर पद पर हुई थी जो विवादों में घिर गई थी। सूत्रों के मुताबिक डॉ राजकुमार बेटे से भी RIMS से इस्तीफा दिलवा सकते हैं।
गुरुवार को मंत्री को सौंपा था इस्तीफा
गुरुवार सुबह डॉ राजकुमार झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के आवास गए और अपना इस्तीफा दे दिया।स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने तुरंत इस्तीफा स्वीकार किया। इस्तीफा मंजूर होते ही विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी। RIMS सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ दीपेंद्र कुमार सिन्हा को कार्यकारी निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया। ये व्यवस्था अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से लागू होगी।




