नई दिल्ली : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि उन्हें एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) पर भरोसा है. पेपर लीक की शिकायतों के बाद नीट 2026 की रद्द परीक्षा आज यानी 21 जून को फिर से हो रही है. इस परीक्षा के संचालन की ज़िम्मेदारी एनटीए के पास है, जिस पर कई लोग लगातार सवाल खड़े कर रहे हैं. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छात्र निडर होकर परीक्षा देने बैठें और चिंता न करें. उन्होंने छात्रों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: योग दिवस की दुनिया भर में धूम, कोलकाता में पीएम मोदी बोले – हमारा लक्ष्य 70 की उम्र में 50 जैसा स्वस्थ रहें
भारत की व्यवस्था पर भरोसा
धर्मेंद्र प्रधान ने मीडिया से कहा, “नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा आज होने जा रही है. मुझे एनटीए, सभी राज्य सरकारों, ज़िला प्रशासन, भारत की शिक्षा व्यवस्था और ख़ासकर भारत के छात्रों पर पूरा भरोसा है. लगभग 22 लाख छात्र नीट परीक्षा देंगे. निडर होकर बैठिए, चिंता मत कीजिए, आप ज़रूर अच्छा करेंगे. यह छात्रों के लिए मेरी शुभकामना है. उन्हें भारत की व्यवस्था पर भरोसा है और आगे भी रहेगा.”
नई पीढ़ी का भविष्य ख़तरे में मत डालिए
उन्होंने कहा, “इस मौक़े पर, एक अभिभावक और एक सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर मैं आपसे निवेदन करता हूं कृपया भारत की नई पीढ़ी का भविष्य ख़तरे में मत डालिए. कोई मज़ाक मत बनाइए. ऐसा कुछ मत कीजिए जिससे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़े.” गौरतलब है कि इस साल तीन मई को नीट यूजी परीक्षा 2026 एनटीए की देखरेख में कराई गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी.
राहुल गांधी ने छात्रों से की अपील
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी नीट यूजी की फिर से होने वाली परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर स्टूडेंट्स से कहा, “पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दीजिए. कुछ भी हो, मैं हमेशा आपके साथ हूं और आपकी रक्षा करता रहूंगा.”
इसके अलावा उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार परीक्षा अच्छे से हो और कोई गड़बड़ी न हो पाए. राहुल गांधी ने वीडियो संदेश में कहा, “मैं प्रधानमंत्री जी और सरकार से कहना चाहूंगा कि इस बार यह सुनिश्चित कीजिए कि परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो. स्टूडेंस्ट्स पहले ही बहुत तनाव से गुज़र चुके हैं, और वे फिर से यह सब झेलने की स्थिति में नहीं हैं.”
अभिजीत दिपके की अपील
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने आज होने वाली नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों को ‘बेस्ट ऑफ़ लक’ कहा है. साथ ही उनसे एग्ज़ाम ख़त्म होने के बाद धरने में शामिल होने की अपील की है. अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो में कहा, “नीट के छात्र-छात्राओं को आज की परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देता हूं. आप लोग पूरे आत्मविश्वास के साथ जाइए और अपनी परीक्षा अच्छे से दीजिए. आपने बहुत पढ़ाई की है, अब बड़ा दिन आ गया है जब आपको परीक्षा देने जाना है.”
उन्होंने कहा, “हम नहीं चाहते कि आप परीक्षा से पहले प्रदर्शन में आएं. परीक्षा ख़त्म होते ही जंतर-मंतर आ जाइए. मैं यहीं हूं. मैं आप सब से मिलने का इंतज़ार कर रहा हूं.” बता दें कि अभिजीत दीपके ने शनिवार को घोषणा की है कि वो ‘शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े तक जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे.’ हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द प्रदर्शन स्थल को ख़ाली करें.




