पटना : बिहार की राजधानी पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर शनिवार शाम को अचानक उस समय हलचल बढ़ गई, जब भारी संख्या में पटना पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान एसडीपीओ 10 सर्कुलर रोड आवास के अंदर भी गईं और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि अब तक इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का सरकारी बंगला खाली करने से इंकार, कहा – ‘ज़बरदस्ती हटाकर दिखाएं’
राबड़ी के बयान के बाद पहुंचे जवान
पुलिस की मौजूदगी के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि पटना पुलिस के जवान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के उस बयान के बाद पूर्व सीएम के आवास पर पहुंचे, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री चाहें तो फोर्स भेजकर आवास खाली करवा लें। पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर कहा था कि वह आवास खाली नहीं करेंगी और सीएम सम्राट चौधरी चाहें तो पुलिस भेजकर जबरदस्ती आवास खाली करवा सकते हैं।
राबड़ी देवी ने दी थी खुली चुनौती
पिछले दिनों गाजियाबाद से पटना लौटने के बाद राबड़ी देवी ने आवास खाली नहीं करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि वह बंगला छोड़ने वाली नहीं हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए कहा था कि यदि सरकार चाहती है तो फोर्स भेजकर बंगला खाली करवा ले। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया था। अब पुलिस की मौजूदगी को उसी बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
राजद की तीखी प्रतिक्रिया
राबड़ी देवी के सरकारी बंगले को लेकर सियासत तेज होती नजर आ रही है। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने नोटिस को राजनीतिक प्रतिशोध बताया और कहा, “राबड़ी देवी को बंगले का कोई मोह नहीं है, सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।”
विभाग भेज चुका है 3 नोटिस
भवन निर्माण विभाग ने हाल ही में राबड़ी देवी को तीसरा नोटिस जारी किया था। विभाग ने आवास जल्द खाली करने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया कि यह बंगला अब पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। ऐसे में वर्तमान आवंटन के अनुसार आवास खाली कराया जाना जरूरी है। विभाग का कहना है कि पहले भी दो बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक आवास खाली नहीं किया गया है।
पुराना बंगला नहीं छोड़ा
भवन निर्माण विभाग के अनुसार राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है। विभाग का दावा है कि नया आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद 10 सर्कुलर रोड वाला बंगला अभी तक खाली नहीं किया गया है।
सरकार का कहना है कि नियमों के तहत आवंटित आवास में स्थानांतरित होना चाहिए। इसी आधार पर विभाग लगातार पत्राचार और नोटिस भेजता रहा है। अब प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
20 साल से है लालू परिवार
लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार वर्ष 2005 से इस सरकारी आवास में रह रहा है। यह बंगला लंबे समय से राजद और लालू परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। विभाग का दावा है कि पिछले छह महीनों में कई बार आवास खाली करने का अनुरोध किया गया। लेकिन परिवार की ओर से अब तक शिफ्टिंग नहीं की गई है। इधर लालू प्रसाद यादव अपने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सिंगापुर गए हुए हैं। ऐसे में आवास विवाद और पुलिस की मौजूदगी ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।


