न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण स्थित दुर्गाडी किले के बाहर बकरीद के मौके पर गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। किले परिसर में स्थित ईदगाह में नमाज को लेकर प्रशासन द्वारा हिंदू श्रद्धालुओं के मंदिर प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाए जाने के विरोध में शिवसेना और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर बैठकर नारेबाजी की गई, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
मंदिर में प्रवेश रोकने पर नाराजगी
दरअसल, दुर्गाडी किले परिसर में एक ओर ईदगाह है, जहां बकरीद के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा करने पहुंचते हैं। वहीं परिसर में दुर्गा देवी का मंदिर भी स्थित है। प्रशासन हर साल सुरक्षा कारणों से नमाज के दौरान हिंदू श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाता है। इसी फैसले का विरोध करते हुए हिंदू संगठनों और शिवसेना कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनी। हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित रखा और किसी बड़ी घटना को होने से रोक दिया। प्रशासन ने पहले से ही इलाके को संवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था।
हर साल होता है विरोध
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्गाडी किले को लेकर यह विवाद नया नहीं है। पिछले 30 से 40 वर्षों से हर साल बकरीद के दौरान इसी तरह के विरोध प्रदर्शन होते रहे हैं। हिंदू संगठन मंदिर में पारंपरिक रूप से दर्शन की अनुमति की मांग करते हैं, जबकि प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्थायी प्रतिबंध लागू करता है। बकरीद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि दोनों समुदायों की धार्मिक गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।
एडीसीपी संजय जाधव ने क्या कहा
एडीसीपी संजय जाधव ने बताया कि हर साल बकरीद के दौरान हिंदू संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
यह भी पढ़ें: हर्ष मल्होत्रा बने दिल्ली बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष


