न्यूज डेस्क: बिहार के रोहताह जिले में दिनारा थाना क्षेत्र के गौरा गांव में पास NH-319 के किनारे एक अज्ञात महिला का कटा हुआ शव मिला है. इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने सुबह खेत के पास पड़ा कमर से नीचे घुटनों तक का हिस्सा देखा और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के अंग को अपने कब्जे में लिया और आगे की जांच में जुट गई.
Highlights:
कमर से घुटने तक का मिला अंग
जानकारी के अनुसार, बरामद अंग में सिर्फ महिला का कमर से लेकर दोनों पैरों के घुटनों तक की बॉडी मिली है. महिला का ऊपर का हिस्सा और घुटनों से नीचे का हिस्सा गायब था. उसी इलाके में खून की छीटें और विक्षत देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई है. वहीं ग्रामीणों ने कहा कि यह हिस्सा गौरा पुल के पास सड़क किनारे पड़ा हुआ था.
पुलिस ने शव के अंग को सासाराम अस्पताल पहुंचाया, जहां उपाधीक्षक के नेतृत्व में 4 डॉक्टरों की टीम का गठन किया गया. टीम ने मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष बताया है. वहीं टीम पोस्टमार्टम भी करेगी और डॉक्टरों ने विशेष रुप से दुष्कर्म के एंगल पर जांच करने की मांग की. फिलहाल अस्पताल में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे है.
इसे भी पढ़े: सीएम योगी के नेतृत्व में महिला आरक्षण बिल पर भाजपा का प्रदर्शन, लखनऊ में निकली जन आक्रोश रैली
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
डॉ. पंकज कुमार सहित टीम ने कहा कि पूर्ण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारण, समय और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चलेगा. फिलहाल रेप समेत सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है. पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके. स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि आखिर महिला की बॉडी का बाकी हिस्सा कहां है और घटना कैसे हुई. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाया है, जिसे लेकर पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
एसपी रौशन कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं से जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच के अनुसार, बॉडी को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया है. पुलिस मृतका की पहचान करने की कोशिश कर रही है. वहीं आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और थानों में मिसिंग रिपोर्ट्स की जांच कर रही है.


