पटना: भारतीय जनता पार्टी के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. यह बिहार के इतिहास में पहली बार होगा जब बीजेपी का मुख्यमंत्री राज्य का नेतृत्व करेगा. उन्हें बीजेपी और एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया है. सम्राट चौधरी ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता के सपनों को साकार करने का पवित्र अवसर है.
Highlights:
सम्राट चौधरी ने मंगलवार शाम को लोकभवन पहुंचर बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और राज्य में नई एनडीए सरकार के गठन का दावा पेश किया. राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उनका यह दावा स्वीकार कर लिया. कल सुबह 11:00 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा. सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उनके साथ बिहार की नई कैबिनेट के सदस्य भी शपथ लेंगे.
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, 15 अप्रैल को लोकभवन में होगा शपथ ग्रहण समारोह
नीतीश कुमार का भावुक संबोधन
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार ने भावुक संबोधन देते हुए कहा, ‘मैं आप सबों को धन्यवाद देता हूं. मैंने राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा दे दिया है. अब नई सरकार का गठन होगा और उसे मेरा पूरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं नरेंद्र मोदी को नमन करता हूं. उनके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा.’
इससे पहले नीतीश कुमार ने दो दशक से अधिक समय तक बिहार के मुख्यमंत्री पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद मंगलवार को इस्तीफा दे दिया. उन्होंने बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन से मुलाकात करके उन्हें मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा.
सम्राट चौधरी को मिली बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है. उन्होंने कहा, ‘बिहार में सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई और मेरी शुभकामनाएं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित बिहार के संकल्प को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है.’
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सम्राट चौधरी बधाई दी. उन्होंने कहा, ‘सम्राट चौधरी को बिहार में भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आपका नेतृत्व बिहार को विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.’
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है. उन्होंने X पर लिखा, ‘सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने पर हार्दिक अभिनंदन. आपके कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में सुशासन और समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे. उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं.’
X पर एक पोस्ट में सम्राट चौधरी ने लिखा
बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी ने बीजेपी विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है.”
“मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा. आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है. जय बिहार, जय भारत!’


