रांची : झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा को पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव में सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किया गया है. ऐसे में उनकी चुनावी ड्यूटी को देखते हुए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने उनके दायित्व का कार्यभार वंदना दादेल को सौंपा है. इस संबंध में विभागीय अधिसूचना जारी की गई है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने डीजीपी को लिखा पत्र, पूर्व विधायक के लिए मांगी स्कार्ट की सुविधा
जारी अधिसूचना के अनुसार कृपानंद झा के चुनाव ड्यूटी में रहने के कारण उनके विभाग का कार्यभार अब वंदना दादेल संभालेंगी. वंदना दादेल फिलहाल अपर मुख्य सचिव (गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग) के साथ-साथ मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी कार्यरत हैं. ऐसे में अब वे कृपानंद झा के चुनावी ड्यूटी से लौटने तक अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ कल्याण विभाग के कार्यों का भी अतिरिक्त निर्वहन करेंगी.


