चाईबासा: झारखंड के सारंडा जंगल में नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईडी विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर एक CRPF जवान घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद घायल जवान को प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है, जहां बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। रांची में जवान के इलाज को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। पसे भर्ती कराने के लिए राज हॉस्पिटल को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही रांची पुलिस की टीम भी अस्पताल में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर मुस्तैद है।
Highlights:
लगातार अभियान के बीच नक्सलियों की साजिश
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे है। हाल के दिनों में सुरक्षा बलों को कई बड़ी सफलताएं भी मिली हैं, जिससे नक्सली दबाव में हैं। नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए जंगल में कई जगहों पर आईईडी लगा रखे हैं। उनका मकसद सर्च ऑपरेशन में जुटे जवानों को निशाना बनाना है। तमाम सतर्कता के बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है ताकि नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम किया जा सके और ऐसे हमलों को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: बिहार के नालंदा समेत 6 जगहों पर NIA और ATS का छापा


