नई दिल्ली : पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि देशभर के पंपों पर पेट्रोल और डीज़ल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. साथ ही पेट्रोल पंपों को निर्देश दिया गया है कि तेल देते समय सुरक्षा नियमों का सख़्ती से पालन करें. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे पेट्रोल या डीज़ल को ग़लत कंटेनर में न भरें और न ही घर पर रखें, क्योंकि इससे गंभीर सुरक्षा ख़तरे हो सकते हैं.”
Highlights:
पेट्रोल पंपों से मंत्रालय ने कहा है, “किसी भी तरह की ग़लती या नियम तोड़ने पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी.” मंत्रालय ने अपने बयान में तमिलनाडु के एक पेट्रोल पंप का ज़िक्र किया है, जहां ‘एक कंटेनर में पेट्रोल भरा जा रहा था.’ मंत्रालय के अनुसार यह ख़तरनाक हो सकता है.
16 और 17 मार्च को पहुंचेंगे दो जहाज
केंद्र सरकार ने बताया है कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से दो जहाज़ शिवालिक और नंदा देवी, एलपीजी लेकर गुज़र चुके हैं. ये जहाज़ 16 और 17 मार्च को भारत के बंदरगाहों पर पहुंच जाएंगे. शिपिंग मंत्रालय के स्पेशल सेक्रेट्री राजेश कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “पर्शियन गल्फ़ क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में उनके साथ कोई नकारात्मक घटना नहीं हुई है. होर्मुज़ स्ट्रेट के पर्शियन गल्फ़ में 24 भारतीय झंडे वाले जहाज़ मौजूद थे.”
उन्होंने बताया, “इनमें से दो जहाज़ शिवालिक और नंदा देवी आज सुबह होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र गए हैं और भारत की ओर बढ़ रहे हैं. इन जहाज़ों में क़रीब 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी है.” राजेश कुमार सिन्हा ने कहा, “ये जहाज़ मुंद्रा और कांडला बंदरगाह पर पहुंचेंगे. मुंद्रा में 16 मार्च और कांडला में 17 मार्च को इनके पहुंचने की उम्मीद है.” उन्होंने बताया, “इसके बाद अब पर्शियन गल्फ़ में 22 भारतीय झंडे वाले जहाज़ बचे हैं, जिनमें कुल 611 नाविक हैं. हम इनकी परिस्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं.”

