अहमदाबाद: गुजरात के 32 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें वडोदरा के 17 और अहमदाबाद के 15 स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलते ही स्कूल खाली करा दिए गए और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
Highlights:
क्या लिखा था धमकी वाले ईमेल में

ईमेल में धमकी भरे संदेश के साथ देश को नुकसान पहुंचाने की बात लिखी गई थी। इस सूचना के सामने आते ही अभिभावक तुरंत स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को घर ले गए। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूलों को खाली करा दिया। स्कूल परिसरों की तलाशी ली जा रही है। वाहनों की जांच की जा रही है। छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित घर भेजा गया है। एहतियात के तौर पर वडोदरा के उर्मी स्कूल के छात्रावास को भी खाली कराया गया।
पुलिस का बयान
वडोदरा पुलिस कमिश्नर नरसिम्हा कुमार ने बताया कि सभी स्कूलों की जांच की जा रही है। अब तक 9 स्कूलों की जांच पूरी हो चुकी है और बाकी जगह तलाशी जारी है। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जांच पूरी होने तक सतर्कता बरती जा रही है।
साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ईमेल किस आईडी से भेजा गया, कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। इस घटना के बाद स्कूलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पुलिस की जांच में सहयोग करने की अपील की है।


