Saturday, October 31, 2026

पटना सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, दोपहर बाद कोर्ट में होगा कामकाज

पटना: पटना सिविल कोर्ट को गुरुवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। सुरक्षा कारणों से कोर्ट को दोपहर बाद खोलने का निर्णय लिया गया है। फिलहाल पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि कोर्ट का काम पूरी तरह बाधित न हो, इसके लिए एहतियातन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से परिसर की जांच की जा रही है। जब तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जातीं, तब तक आम लोगों की एंट्री सीमित रखी गई है।

पप्पू यादव की पेशी पर संशय

आज पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की कोर्ट में पेशी होनी है। धमकी मिलने के बाद उनकी पेशी किस समय होगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इससे पहले भी धमकी के कारण उनकी सुनवाई टाली जा चुकी है। यह सातवीं बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों से वकीलों में नाराजगी है। हालात को देखते हुए जिला बार एसोसिएशन (DBA) की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें कार्य बहिष्कार का फैसला लिया गया है।

वकीलों में आक्रोश

अधिवक्ता अंशुमान सिंह ने कहा कि बार-बार इस तरह की धमकियां मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि वकील आवेश में हैं और कोर्ट का कामकाज प्रभावित हो रहा है। सुबह जानकारी मिली कि फिर धमकी आई है और फिलहाल कोर्ट बंद है। उन्होंने हाईकोर्ट से मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। बुधवार को भी धमकी मिलने के बाद वकीलों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई थी। वकीलों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

बुधवार को भी मिली थी धमकी

गौरतलब है कि बुधवार को भी पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली थी। मेल में लिखा गया था कि ठीक 1 बजे कोर्ट परिसर में पांच बम धमाके होंगे। इसके बाद एहतियातन कोर्ट परिसर खाली करा लिया गया था और प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। उस दिन भी पटना सिविल कोर्ट में पप्पू यादव के मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे टाल दिया गया था। लगातार मिल रही धमकियों को लेकर पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर