वाराणसी: वाराणसी के दालमंडी इलाके में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। आज यानी सोमवार को जर्जर बताए गए 21 मकानों और दुकानों को तोड़ने का काम किया गया। इस दौरान इलाके में भारी तनाव देखने को मिला। एक व्यापारी ने आत्मदाह की धमकी दी, कई लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए सख्ती करनी पड़ी। अधिकारियों का कहना है कि ये मकान 100 साल से अधिक पुराने हैं और खतरनाक स्थिति में हैं।
Highlights:
व्यापारी ने दी आत्मदाह की धमकी
कार्रवाई के दौरान एक व्यापारी ने मकान के पहले फ्लोर पर खड़े होकर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और सुसाइड की चेतावनी देने लगा। यह देख मौके पर मौजूद अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। अधिकारी और पुलिस कर्मी उसे समझाने में जुट गए। नाराज व्यापारी का कहना था कि उसका मकान जर्जर नहीं है और प्रशासन मुआवजा देने से बचने के लिए उसे जर्जर बता रहा है। उसने कहा कि अगर मकान तोड़ा जाएगा तो उसे मुआवजा चाहिए। इसी दौरान उसने अपनी दुकान में आग भी लगा दी, जिसे पुलिस ने समय रहते बुझा लिया। बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ कई अन्य दुकानदार और स्थानीय लोग भी सामने आ गए। लोगों ने प्रशासन से 10 दिन की मोहलत देने की मांग की। इस दौरान कई लोग रोते-बिलखते नजर आए और अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की गुहार लगाते रहे।
हंगामे में 8 लोग हिरासत में
कार्रवाई के दौरान हंगामा करने पर पुलिस ने 8 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने उन्हें खींचकर हटाया, इस दौरान कुछ लोगों के साथ सख्ती की भी बात सामने आई है। दुकानदारों ने अधिकारियों से सवाल किया हमारा गुनाह क्या है? क्या हमें मार डालोगे? सड़क चौड़ी करनी है तो क्या लोगों को बर्बाद कर दोगे? दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें पहले कोई स्पष्ट नोटिस नहीं दिया और उनकी रोजी-रोटी छीनी जा रही है।
भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए चार थानों की फोर्स तैनात की गई है। करीब 500 पुलिसकर्मी, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, मौके पर मौजूद हैं। पूरे इलाके पर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है और दालमंडी में आने-जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। इससे पहले 21 जनवरी को एक साथ 8 मकानों को ध्वस्त किया गया था। नगर निगम की ओर से 31 जनवरी को 23 मकान मालिकों को नोटिस जारी किया गया था।
प्रशासन का पक्ष
ACP दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान ने बताया कि दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए जर्जर मकानों का ध्वस्तीकरण किया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से इलाके में बैरिकेडिंग की गई है ताकि किसी तरह की आवाजाही न हो और काम में बाधा न पड़े। दालमंडी में एक ही दिन में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। कार्रवाई के चलते इलाके में तनाव का माहौल है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


