देहरादून: हिमाचल प्रदेश में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे चौपाल डिपो से रवाना हुई थी। यह बस पहले नेरवा पहुंची और इसके बाद मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग होते हुए पांवटा साहिब जा रही थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह करीब 10 बजे क्वानू के पास सुदोई खड्ड क्षेत्र में हुआ।
बताया जा रहा है कि मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के दौरान सड़क का पुश्ता अचानक धंस गया। इससे बस चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सवारियों से भरी बस कई पलटे खाते हुए गहरी खाई में जा गिरी और सीधे खड्ड में समा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकालने में अहम भूमिका निभाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है।


