रांची : 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन भरने में अब केवल दो दिन शेष हैं, ऐसे में गैर दलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की तस्वीर अब साफ होने लगी है। कांग्रेस ने रांची में पूर्व मेयर और झारखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलको को समर्थन देने का ऐलान किया तो वहीं अब भाजपा ने भी सोमवार शाम अपने समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने रांची, धनबाद समेत चार प्रमुख नगर निगमों के लिए अपने समर्थित उम्मीदवारों के नाम तय कॉर दिए।
Highlights:
भाजपा ने धनबाद से संजीव अग्रवाल, रांची से रोशनी खलखो, चास से अविनाश कुमार और हजारीबाग से सुदेश चंद्रवंशी को मेयर पद के लिए अपना समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इन नामों पर भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ विस्तृत मंथन के बाद सहमति बनी। इसके बाद समर्थित प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। गैर-दलीय चुनाव होने के बावजूद भाजपा की इस घोषणा को राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे शहरी मतदाताओं के बीच पार्टी का संदेश स्पष्ट रूप से पहुंचे।
कई अन्य निकायों पर फैसला बाकी
भाजपा ने अभी जमशेदपुर के मानगो और जुगसलाई नगर निकायों के साथ-साथ बोकारो समेत अन्य शहरी निकायों के लिए अपने समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन सीटों पर सामाजिक समीकरण, स्थानीय प्रभाव और जीत की संभावनाओं को लेकर गहन विचार चल रहा है। जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में कई नामों को लेकर चर्चा तेज है। संभावित दावेदारों में नीरज सिंह की पत्नी, अविनाश सिंह राजा की पत्नी, राजकुमार श्रीवास्तव की पत्नी समेत अन्य नामों को लेकर अंदरखाने प्रयास और राजनीतिक लामबंदी की खबरें सामने आ रही हैं।
शहरी इलाकों में पकड़ की रणनीति
नगर निकाय चुनाव भले ही दलीय आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन भाजपा द्वारा समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि शहरी चुनाव पूरी तरह राजनीतिक माहौल में लड़े जाएंगे। आने वाले दिनों में अन्य दलों की रणनीति और उनके समर्थित उम्मीदवारों की सूची पर भी नजर बनी रहेगी। राज्य के सभी 48 नगर निकायों में 4 फरवरी को नामांकन भरने का अंतिम दिन है। ऐसे में 44 नगर निकायों को लेकर पार्टी की रणनीति क्या है, इसे तय होना अभी शेष है।


