फरीदाबाद : फरीदाबाद के गांव पाखल स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो मजदूरों के लापता होने की सूचना है। आग की चपेट में आकर फैक्टरी में रखा कच्चा माल और मशीनरी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
Highlights:
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे फैक्टरी से अचानक धुआं और लपटें उठती दिखाई दीं। आसपास के लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही धौंज थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि फैक्टरी का बड़ा हिस्सा जल गया।
फैक्टरी में मौजूद थे तीन मजदूर
पुलिस ने बताया कि घटना के समय फैक्टरी के अंदर तीन मजदूर मौजूद थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक मजदूर आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि दो मजदूरों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर तलाशी अभियान चला रही हैं।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार फैक्टरी मालिक की तलाश भी की जा रही है, ताकि सुरक्षा इंतजामों और फैक्टरी संचालन से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।
फैक्टरी में अग्निशमन के इंतजाम नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्टरी में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिस वजह से आग तेजी से फैल गई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और लापता मजदूरों की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।


