डेस्क : भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य पी टी उषा के पति वी श्रीनिवासन का शुक्रवार को निधन हो गया। श्रीनिवासन 67 वर्ष के थे उनके निधन से खेल और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वी श्रीनिवासन अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वी श्रीनिवासन केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी थे। वे पी टी उषा के शानदार खेल करियर से लेकर उनके राजनीतिक सफर तक हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे।
पीएम मोदी ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं और वह दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी वी. श्रीनिवासन के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, “राज्यसभा सांसद और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की प्रेसिडेंट पी.टी. उषा के पति वी. श्रीनिवासन के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। पी.टी. उषा और उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इस मुश्किल समय में ईश्वर से हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं। पीटी उषा, जिन्हें उड़नपरी के नाम से जाना जाता है, भारतीय खेल इतिहास की सबसे प्रेरणादायक हस्तियों में से एक हैं। ऐसे में उनके निजी जीवन में आई यह क्षति न केवल उनके लिए, बल्कि उनके चाहने वालों के लिए भी बेहद दुखद है। सोशल मीडिया पर खिलाड़ी, कोच, प्रशंसक और आम लोग लगातार उन्हें हिम्मत और संबल देने के संदेश भेज रहे हैं।


