महाराष्ट्र : मुंबई महानगरपालिका के चुनाव के नतीजे बीते शुक्रवार 16 जनवरी को सामने आया। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की और उद्धव ठाकरे की शिवसेना को करारी शिकस्त दी। इसे महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि बीएमसी पर लंबे समय से शिवसेना का दबदबा रहा है। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को देशभर से बधाइयां मिली। इसी बीच अभिनेत्री और मंडी की सांसद कंगना रनौत ने भी खुलकर अपनी खुशी जाहिर की।
Highlights:
कंगना ने इसे बताया न्याय की जीत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंगना रनौत ने कहा कि बीएमसी से शिवसेना का बाहर होना उनके लिए न्याय का पल है। उन्होंने 2020 की उस घटना को याद किया जब बीएमसी ने उनके बांद्रा स्थित दफ्तर के कुछ हिस्से को तोड़ दिया था। उस समय बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस कार्रवाई को कानूनी दुर्भावना बताया था। कंगना ने कहा, जो लोग मुझे धमका रहे थे, गालियां दे रहे थे और महाराष्ट्र छोड़ने को कह रहे थे, आज जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने महिलाओं को नीचा दिखाने वालों और सत्ता का गलत इस्तेमाल करने वालों को सबक सिखाया है।
बीजेपी की सराहना
कंगना रनौत ने बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि यह जीत पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री फडणवीस और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को भगवा जीत के लिए बधाई दी।
उन्होंने याद दिलाया कि 2020 में जब उनका घर तोड़ा गया था, तब उन्होंने उद्धव ठाकरे से कहा था, आज मेरा घर टूटा है, कल तेरा घमंड टूटेगा। बीएमसी चुनाव के नतीजों को उन्होंने उसी बात का प्रमाण बताया।


