केरल : केरल के कोल्लम जिले में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के हॉस्टल में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दो युवा खेल प्रशिक्षु लड़कियाँ अपने कमरे में पंखे से लटकी पाई गईं। घटना गुरुवार तड़के 5 बजे सामने आई। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी, लेकिन अभी तक मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
मृतक लड़कियों की पहचान 17 वर्षीय सैंड्रा और 15 वर्षीय व्यष्णवी के रूप में हुई है। सैंड्रा कोझिकोड जिले की रहने वाली थीं और एथलेटिक्स की ट्रेनिंग ले रही थीं। वह कक्षा 12 की छात्रा थीं। वहीं व्यष्णवी तिरुवनंतपुरम जिले की रहने वाली थीं और कबड्डी खिलाड़ी थीं, साथ ही कक्षा 10 में पढ़ाई कर रही थीं। दोनों अलग-अलग जिलों से आकर कोल्लम के SAI हॉस्टल में रह रही थीं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात व्यष्णवी अपने कमरे के बजाय सैंड्रा के कमरे में रुकी थीं। सुबह जब दोनों नियमित ट्रेनिंग के लिए नहीं पहुंचीं, तो अन्य लड़कियों ने उनका दरवाजा कई बार खटखटाया। जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो हॉस्टल स्टाफ ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। दोनों लड़कियाँ छत के पंखे से लटकी हुई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही कोल्लम ईस्ट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अन्य छात्राओं, प्रशिक्षकों और परिवार वालों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। यह घटना बेहद गंभीर है और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर सवाल खड़े करती है।


