पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के दो संदिग्ध मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। उत्तर 24 परगना जिले के बारासात स्थित एक अस्पताल में काम करने वाली दो नर्सों में निपाह वायरस के लक्षण पाए गए हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष नर्स शामिल हैं। दोनों को फिलहाल उसी अस्पताल में भर्ती कर अलग वार्ड में रखा गया है और उन्हें लाइफ सपोर्ट पर उनका इलाज चल रहा है।
Highlights:
दोनों नर्सें एक ही अस्पताल में कार्यरत
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, दोनों नर्सें एक ही अस्पताल में काम करते हैं। उनके नमूने जांच के लिए कल्याणी एम्स भेजे गए। शुरुआती रिपोर्ट में निपाह वायरस के संक्रमण के संकेत मिले, हालांकि अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। अधिकारी ने बताया कि महिला नर्स नदिया जिले की रहने वाली है, जबकि पुरुष नर्स पूर्व बर्धमान जिले के कटवा का निवासी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला नर्स हाल ही में अपने गृहनगर कटवा गई थी। वहीं उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद 31 दिसंबर को उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बर्दवान मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और बाद में विशेष एम्बुलेंस से बारासात अस्पताल लाया गया। कुछ समय बाद पुरुष नर्स में भी इसी तरह के लक्षण दिखाई दिए, जिसके बाद उसे भी अस्पताल में भर्ती कर लाइफ सपोर्ट पर रखा गया।
हेल्पलाइन नंबर जारी
निपाह वायरस के मामलों की जानकारी मिलते ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बात की और स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही राज्य सरकार ने आम लोगों की मदद के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। निपाह वायरस के लक्षण दिखने पर लोग 033-23330180 या 9874708858 पर कॉल कर सकते हैं। राज्य सरकार ने सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए अलग-अलग स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर भी तैयार करना शुरू कर दिया है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके और मरीजों का समय पर इलाज हो सके।
झारखंड में भी अलर्ट जारी
झारखंड के पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के दो संदिग्ध मरीज मिलने की घटना ने झारखंड सरकार की चिंता बढ़ा दी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झारखंड स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूरे राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
निपाह वायरस के प्रमुख लक्षणों में शुरुआती बुखार, सिरदर्द, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, गले में खराश, तेज सिरदर्द, मानसिक सूजन और कोमा जैसी गंभीर स्थितियां शामिल हैं। ये एक अत्यंत खतरनाक जानवर से इंसान में फैलने वाली बीमारी है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी जिलों में सख्त निगरानी, त्वरित रिपोर्टिंग व्यवस्था, और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं, ताकि लोगों को इस बीमारी के लक्षण, बचाव और सावधानियों की पूरी जानकारी मिल सके और झारखंड में इसका कोई भी प्रकोप न होने पाए।


