रांची: जय प्रकाश नारायण केन्द्रीय कारा, हजारीबाग से फरार हुए 03 सजायाफ्ता कैदियों को हजारीबाग पुलिस ने त्वरित एवं सघन कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र राज्य के सोलापुर जिला अंतर्गत करमाला थाना क्षेत्र से विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया है। गिरफ्तार सजायाफ्ता कैदी देवा भुईयों उर्फ देव कुमार भुईयों, राहुल रजवार और जितेन्द्र रवानी पिछले साल 31 दिसंबर की रात्रि जेल से फरार हो गए थे।
जेल से फरार होने की घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पाया था कि तीनों कैदी वार्ड की खिड़की का रॉड काटकर बेडशीट के सहारे नीचे उतरते हुए आंतरिक दीवार फांदकर बाहरी दीवार के रास्ते फरार होने की घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में केन्द्रीय कारा, हजारीबाग के आवेदन के आधार पर लोहसिंघना थाना काण्ड संख्या 196/2025, दिनांक 31.12.2025 दर्ज किया गया। तीनों अभियुक्त क्रमशः 20 वर्ष, 27 वर्ष एवं आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर हजारीबाग अमित आनन्द के नेतृत्व में 03 विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। एक टीम तकनीकी शाखा के सहयोग से कार्यरत रही। दूसरी टीम फरार कैदियों के मार्ग का ट्रेल कर रही थी। तीसरी टीम विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही थी। अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि फरारी के बाद अभियुक्त विभिन्न स्थानों से होते हुए जसीडीह पहुँचे, जहाँ से वह जसीडीह–पुणे एक्सप्रेस ट्रेन से महाराष्ट्र गए।
बीते मंगलवार 6 जनवरी को हजारीबाग पुलिस की विशेष टीम ने तीनों फरार कैदियों को सोलापुर जिला अंतर्गत करमाला थाना क्षेत्र के कोरटी स्थित ईंट-भट्ठा से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। तीनों फरार कैदी धनबाद जिले के रहने वाले हैं। बता दें कि पूर्व में भी हजारीबाग जिला स्थित Holding Foreigners Camp, Hazaribag से 03 बंगलादेशी नागरिक फरार हो गये थे, जिसे 24 घंटे के अन्दर गिरफ्तार किया गया था, जिसमें 02 बंगलादेशी नागरिकों को बगंलादेश के बॉडर से गिरफ्तार किया गया था।


