पंजाब : पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ आज अपना 41वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं. दिलजीत दोसांझ अपनी शानदार आवाज के लिए मशहूर हैं. उन्होंने भारत समेत पूरे देश को कई हिट गाने दिए हैं, उनके गाने न केवल पंजाबी म्यूजिक लवर्स बल्कि बॉलीवुड फैंस के बीच भी काफी हिट रहे हैं। पंजाब के जालंधर में जन्मे और दोसांझ कलां से ताल्लुक रखने वाले दिलजीत दोसांझ आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। बचपन से ही संगीत से जुड़े दिलजीत गुरुद्वारे में कीर्तन गाया करते थे। यहीं से उनकी गायकी की शुरूआत हुई। साल 2002 में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की और 2005 में आए एल्बम ‘स्माइल’ तथा 2008 के ‘चॉकलेट’ ने उन्हें पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में खास पहचान दिलाई।
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने 2010 में पंजाबी फिल्म मेल करादे रब्बा से कैमियो करना शुरू किया था और साल 2011 में “द लायन ऑफ पंजाब” के जरिए बतौर मुख्य अभिनेता अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। साल 2016 में “फिल्म उड़ता पंजाब” से उन्होंने बॉलीवुड में दमदार डेब्यू किया, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। “गुड न्यूज” और 2024 में रिलीज हुई इम्तियाज अली की फिल्म “अमर सिंह चमकीला” ने यह साबित कर दिया कि दिलजीत अभिनय और गायन दोनों में समान रूप से माहिर हैं।
पंजाबी म्यूजिक को वैश्विक पहचान दिलाने में दिलजीत दोसांझ की भूमिका अहम रही है। उनके हिट गानों की सूची में पटियाला पैग और लैम्बॉर्गिनी जैसे सुपरहिट ट्रैक शामिल हैं। उनका एल्बम ‘गोट’ बिलबोर्ड चार्ट तक पहुंचा, जबकि मूनचाइल्ड एरा के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया। वह बिलबोर्ड चार्ट पर तीन एल्बम रखने वाले पहले भारतीय कलाकार बने। 2024 में उनका दिल-लुमिनाटी टूर पंजाबी संगीत के इतिहास का सबसे बड़ा टूर साबित हुआ। उत्तरी अमेरिका से लेकर यूरोप तक फैले इस टूर में लाखों लोग शामिल हुए। कोचेला स्टेज से लेकर जिमी फॉलन शो तक, दिलजीत ने गर्व से कहा “पंजाबी आ गए ओए।” आज 41 साल की उम्र में दिलजीत दोसांझ वैश्विक मंच पर पंजाबी संस्कृति के सबसे मजबूत प्रतिनिधि बन चुके हैं।

