रांची : आय से अधिक संपत्ति मामले में फरार चल रही स्निग्धा सिंह की तलाश में एसीबी ने मंगलवार शाम धनबाद, रांची और कोडरमा में एक साथ छापेमारी की है. एसीबी ने इन जिलों में मौजूद टाटा मोटर्स के शोरूम में धावा बोला, बताया जा रहा है कि स्निग्धा सिंह इन जिलो में चल रहे टाटा मोटर्स शोरूम की मालिक और डायरेक्टर है। साथ ही वह जेल में बंद नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह की पत्नी है, जो पिछले कई महीनों से फरार चल रही है।
स्निग्धा सिंह की तलाश में एसीबी इससे पहले दिल्ली के वसंत विहार इलाके में छापेमारी कर चुकी है तो वहीं पूछताछ के लिए कई समन भी भेज चुकी है, लेकिन पूछताछ के लिए वह एसीबी मुख्यालय नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि एसीबी यह जांच कर रही है कि टाटा मोटर्स के इन शोरूम में करोड़ों रुपये के निवेश में स्निग्धा सिंह की क्या भूमिका है। निवेश के लिए पैसे कहां से आये और इसे किसने दिया।


